छत्तीसगढ़ में सीएम विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम अरुण साव की जोड़ी ने स्वच्छ्ता के क्षेत्र में हैट्रिक लगाई है। जहां बिल्हा नगर पंचायत देश में 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की कटेगिरी में पहला स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। वहीं ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में बिलासपुर ने नेशनल लेवल पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही रायपुर नगर निगम प्रदेश के सबसे स्वच्छ शहरों में प्रथम स्थान मिला है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 का अवॉर्ड हासिल किया। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा सम्मानित
भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों नगर पालिक निगम रायपुर, नगर पालिक निगम बिलासपुर और नगर पंचायत बिल्हा को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
देश में 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा प्रथम
बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा की बात करें तो वह देश में 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। बड़ी और खास बात ये है कि इस नगर पंचायत ने लगातार दूसरे साल भी यह उपलब्धि दोहराई है। 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा देश में पहले स्थान पर रहा। इससे पहले स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में बिल्हा देश का सबसे साफ शहर का अवॉर्ड हासिल किया था।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 और 2025-26 में तुलनात्मक अध्ययन
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में जहां छत्तीसगढ़ के सात शहरों ने अपनी स्वच्छता की चमक बिखेरी थी। इनमें बिल्हा नगर पंचायत 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों में अब देश का सबसे साफ-सुथरा शहर घोषित किया गया था, जो लगातार इस साल भी बरकरार है। तीन लाख से दस लाख जनसंख्या वाले शहरों में बिलासपुर को पूरे देश में दूसरा स्थान मिला था। इस बार भी स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बिलासपुर ने अपनी कामयाबी दोहराई है। स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। बिलासपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बरकरार रखी है। शहर को देश का दूसरा सबसे स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन घोषित किया गया है। बिलासपुर को लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति ने इस पुरस्कार से सम्मानित है। यह उपलब्धि शहर में स्वच्छता और नदी किनारे के क्षेत्रों की साफ-सफाई से जुड़े प्रयासों को दर्शाती है।
पिछले साल और इस साल में क्या खोया, क्या पाया
पिछले साल 2024-25 में 20 हजार से 50 हजार आबादी वाले शहरों में कुम्हारी को तीसरा स्थान मिला था। इस बार कुम्हारी पिछड़ गया। इसके साथ ही अंबिकापुर, पाटन, विश्रामपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया था। स्वच्छ सर्वेक्षण में पहली बार शामिल नई श्रेणी 'स्वच्छता सुपर लीग' (एसएसएल) में अंबिकापुर, पाटन और विश्रामपुर ने जगह बनाई थी। इस बार ये शहर अपनी कामयाबी को नहीं दोहरा पाये। सफाई में पिछड़ गये। अंबिकापुर ने 50 हजार से तीन लाख जनसंख्या श्रेणी में और पाटन और विश्रामपुर ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में एसएसएल में अपना स्थान बनाया था। राजधानी रायपुर को छत्तीसगढ़ का 'प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर' का पुरस्कार मिला था, जिसे रायपुर नगर निगम ने इस साल 2025-2026 में भी बरकरार रखा है।
कोंडागांव को मिला था देशभर में 75वां स्थान
स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-2025 में कोंडागांव ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की थी। 20,000 से 50,000 जनसंख्या की श्रेणी में नगर ने देशभर में 75वां स्थान प्राप्त किया था। 12,500 अंकों में से 9,357 अंक हासिल कर कोंडागांव ने 'ओपन डेफेकेशन फ्री प्लस-प्लस' (ODF++) का दर्जा बरकरार रखा और पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई थी। इस बार इस मुकाम को नहीं दोहरा पाया।
फैक्ट फाइल
- छत्तीसगढ़ के तीन शहर स्वच्छता सर्वेक्षण राष्ट्रीय पुरस्कार में चमके
- उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ग्रहण किए पुरस्कार
- स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का परचम
- बिल्हा ने हासिल किया देश में पहला स्थान
- रायपुर और बिलासपुर भी पुरस्कृत
- 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा ने देश में प्रथम
- स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की बड़ी उपलब्धि