छत्तीसगढ़ सरकार 50 लाख लोगों को स्मार्टफोन देने की तैयारी कर रही है। मई 2018 से संचार क्रांति योजना के तहत जनता में यह स्मार्टफोन बांटे जाएंगे। बुधवार को एक अधिकारी ने बताया कि उन घरों में पहले स्मार्टफोन्स दिये जाएंगे जहां महिलाएं मुखिया हैं और इन्हें उस वक्त बांटा जाएगा जब सीएम रमन सिंह मई में विकास यात्रा कैंपेन करेंगे।
छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसाइटी ने स्मार्टफोन्स के वितरण की तैयारी शुरू कर दी है। आपको बता दें कि सीएम रमन सिंह ने पिछले साल डिजिटल क्रांति की घोषणा की थी। स्मार्टफोन्स को दो चरणों में बांटा जाएगा। पहले चरण में 30 लाख स्मार्टफोन्स बांटे जाएंगे, बचे हुए स्मार्टफोन्स को दूसरे चरण में बांटा जाएगा।
योजना के मुताबिक गांवों में जो महिलाएं घर की प्रमुख हैं उन्हें 40 लाख स्मार्टफोन मिलेंगे और 5 लाख फोन गरीब परिवार की महिला प्रमुखों को मिलेंगे। बचे हुए 5 लाख स्मार्टफोन्स कॉलेज स्टूडेंट्स में बांटे जाएंगे।
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में अभी केवल 29 फीसदी मोबाइल कनेक्टिविटी है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक योजना के माध्यम से 13900 गांवों में फोन कनेक्टिविटी पहुंचेगी। स्मार्टफोन्स की मदद से जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी और लोग उनका लाभ उठा सकेंगे। स्मार्टफोन्स से कैशलेस लेन-देन भी किया जा सकेगा।