छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। गरियाबंद जिले के जनपद पंचायत क्षेत्र स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कोसमगुड़ा के विद्यार्थियों ने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय मॉडल यूथ ग्राम सभा प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार हासिल किया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया गया था, जिसमें देशभर के 800 से अधिक स्कूलों ने भाग लिया।
कोसमगुड़ा एकलव्य विद्यालय की टीम ने ग्राम सभा की कार्यप्रणाली, ग्रामीण समस्याओं की पहचान और उनके समाधान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर निर्णायकों को प्रभावित किया। उत्कृष्ट प्रस्तुति और मजबूत समझ के चलते टीम को प्रतियोगिता में पहला स्थान मिला।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विजेता विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा और शिक्षा की गुणवत्ता को दर्शाती है। उन्होंने इसे पूरे छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणादायक बताया।
उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने भी विजेता दल से मुलाकात कर छात्रों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों और ग्राम सभा की भूमिका को जिस तरह समझा और प्रस्तुत किया, वह सराहनीय है। यह उपलब्धि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को नई पहचान दिलाने वाली है।
आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने इसे जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा के सशक्तिकरण का सकारात्मक परिणाम बताया। वहीं विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच भविष्य के जिम्मेदार नागरिक तैयार करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता के तहत छात्रों ने मॉक ग्राम सभा का आयोजन कर ग्रामीण विकास, स्थानीय मुद्दों और निर्णय प्रक्रिया पर व्यावहारिक चर्चा की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विजेता टीम को प्रशस्ति पत्र के साथ विद्यालय विकास हेतु एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव निहारिका बारिक और संचालक पंचायत विभाग प्रियंका महोबिया ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलाकांत यादव और सभी विद्यार्थियों को इस शानदार सफलता के लिए बधाई दी।