Chhattisgarh Excise Constable Results 2026: छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग में आरक्षक के रिक्त 200 पदों पर सीधी भर्ती को लेकर परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया है। अभ्यर्थी परीक्षा परिणाम और चयन सूची छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) की वेबसाइट पर देख सकते हैं।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभाग को उपलब्ध कराये गये परीक्षा परिणाम की प्राप्तांक सूची एवं परीक्षा से संबंधित अन्य अभिलेखों के आधार पर विज्ञापन में उल्लेखित वर्गवार, प्रवर्गवार रिक्तियों की संख्या के लगभग तीन गुना अभ्यर्थियों को मेरिट क्रम में चिन्हांकित किया गया।
उनके मूल प्रमाण पत्रों (दस्तावेजों) का सत्यापन एवं शारीरिक मापदण्ड की जॉच के लिए बुलाया गया, पर्याप्त अवसर दिये जाने के बाद भी सत्यापन में अनुपस्थित एवं शारीरिक मापदण्ड में अपात्र पाये गये कुल 128 अभ्यर्थियों के नामों पर चयन प्रक्रिया में विचार नहीं करने संबंधी 12 मार्च 2026 को पत्र जारी किया गया।
शेष पात्र अभ्यर्थियों में से व्यापम द्वारा जारी मेरिट क्रम के आधार पर वर्गवार, प्रवर्गवार आबकारी आरक्षक पद के कुल 200 पदों के खिलाफ 200 पदों पर अभ्यर्थियों की उपलब्धता अनुसार चयन सूची तथा 43 अनुपूरक (प्रतीक्षा) सूची जारी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि आबकारी आरक्षक पद के लिये छत्तीसगढ़ व्यापम की ओर से आयोजित भर्ती परीक्षा में व्यापम की मेरिट सूची के आधार पर विभाग में दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मापदण्ड में पात्र पाये गये अभ्यर्थियों में से चयन के लिये उपयुक्त पाये गये अभ्यर्थियों की सूची मंडल की वेबसाइट https://vyapamcg.cgstate.gov.in पर जारी कर दिया गया है।