कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी एक दिवसीय दौरे पर सोमवार को रायपुर पहुंच रहे हैं। राहुल साइंस कॉलेज में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही राहुल सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मिलेंगे और चर्चा करेंगे। हालांकि सुरक्षा कारणों की वजह से राहुल महामाया मंदिर में दर्शन नहीं कर पाएंगे।
राहुल के तयशुदा कार्यक्रम में बदलाव
राहुल गांधी के रायपुर दौरे को लेकर विशेष सुरक्षा दल (एसपीजी) की रिपोर्ट के बाद तय कार्यक्रमों में थोड़ा बदलाव किया गया। राहुल गांधी दोपहर बाद करीब ढाई बजे नियमित विमान से रायपुर पहुंचेंगे।
सुरक्षा कारणों की वजह से राहुल महामाया मंदिर नहीं जा पाएंगे। पहले राहुल गांधी का महामाया मंदिर जाने और वहां दर्शन-पूजन का कार्यक्रम था।
एसपीजी की टीम ने शुक्रवार और शनिवार को महामाया मंदिर का दो बार दौरा किया। मंदिर के इलाके में घनी आबादी और रास्ते संकरे होने की वजह से एसपीजी ने उन्हें मंदिर जाने की अनुमति नहीं दी।
राहुल गांधी दोपहर रायपुर एयरपोर्ट से सीधे होटल बेबीलॉन जाएंगे। यहां से साईंस कालेज मैदान पहुंचेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
राहुल जनसभा के बाद होटल लौटेंगे और शाम में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक और चर्चा करेंगे। जिसके बाद राहुल गांधी होटल से एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे।