छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बीच खींचतान एक बार फिर सामने आई है। दरअसल,शनिवार को टीएस सिंहदेव ने पंचायत विभाग से इस्तीफे का एलान कर दिया था। इसके बाद जब सीएम भूपेश बघेल से सिंह देव के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक इस्तीफा नहीं मिला है।
विज्ञापन
बघेल ने कहा, पंचायत विभाग से इस्तीफे के बारे में उन्में मीडिया के माध्यम से ही पता चला। हालांकि, उन्हें अभी तक उनका इस्तीफा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि कहा कि इस्तीफा मिलने के बाद ही वह इस पर विचार करेंगे। सिंहदेव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा और जीएसटी विभागों के मंत्री बने रहेंगे। सीएम बघेल ने कहा कि मैंने उनसे बात नहीं की है। मैंने उन्हें बीती रात फोन करने की कोशिश की थी लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
बघेल ने बुलाई बैठक
इस बीच सीएम बघेल ने आज शाम सात बजे राज्य विधायक दल की बैठक बुलाई है। यह बैठक मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर होगी। इसमें 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव और 20 जुलाई से शुरू हो रहे राज्य विधानसभा के मानसून सत्र पर चर्चा की जाएगी। पार्टी के एक नेता ने बताया कि बैठक में सिंहदेव के एक विभाग से इस्तीफा देने के बाद की राजनीतिक स्थिति पर भी चर्चा की जाएगी। सिंहदेव ने मुख्यमंत्री को लिखे अपने इस्तीफे में दावा किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बेघर लोगों के लिए एक भी मकान नहीं बनाया गया और ‘‘बार-बार अनुरोध’’ के बावजूद निधि आवंटित नहीं की गई।