Kiran Singh Deo on no confidence motion: छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस की ओर से राज्य सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर तीखा तंज कसा है।
Kiran Singh Deo on no confidence motion: छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस की ओर से राज्य सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह प्रस्ताव औंधे मुंह गिर गया। इस प्रस्ताव का खारिज होना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि कांग्रेस पर से न सिर्फ सदन का, बल्कि छत्तीसगढ़ की जनता-जनार्दन का विश्वास पूरी तरह से खत्म हो चुका है।
विज्ञापन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने कांग्रेस की राजनीतिक दुर्दशा पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस आज एक ऐसे चौराहे पर खड़ी है, जहां उसके पास न तो कोई दिशा है और न ही कोई नेतृत्व। बिना किसी ठोस तथ्य, तर्क और आधार के लाया गया यह अविश्वास प्रस्ताव दरअसल भाजपा सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और उसके मानसिक दिवालियेपन का हताश प्रदर्शन था। देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भारी बहुमत से भाजपा को सेवा का मौका दिया है। मात्र कुछ ही महीनों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार ने मोदी की गारंटियों को धरातल पर उतारा है। कांग्रेस इस जन-हितैषी विकास को पचा नहीं पा रही है।
'पूरी तरह से बिखर चुकी है कांग्रेस'
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज पूरी तरह बिखर चुकी है। सदन में उनके पास सरकार को घेरने का कोई वास्तविक मुद्दा नहीं था। यह अविश्वास प्रस्ताव सिर्फ मीडिया की सुर्खियां बटोरने और अपनी अंदरूनी कलह को छिपाने का एक असफल ड्रामा था। विधानसभा में कांग्रेस का प्रस्ताव का ध्वस्त होना यह सिद्ध करता है कि सत्य और सुशासन के सामने झूठ की राजनीति कभी टिक नहीं सकती। जनता का आशीर्वाद भाजपा सरकार के साथ है और रहेगा। कांग्रेस को अब नकारात्मक राजनीति छोड़कर आत्मचिंतन करना चाहिए। जो दल खुद अपने विधायकों और कार्यकर्ताओं का विश्वास खो चुका हो, वह जनता के विश्वास की बात कैसे कर सकता है? छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के पांच साल के कुशासन, भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी को भूली नहीं है और यही वजह है कि आज कांग्रेस राजनीतिक हाशिए पर जा पहुंची है।