छत्तीसगढ में दूसरे और अंतिम चरण में मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। दोपहर तक 19 जिलों के 72 सीटों पर 30 फीसदी तक मतदान होने की सूचना है।
रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर संभाग के जिलों में मतदान की गति इस दौरान तेज रही जबकि सरगुजा संभाग में कडी ठंड होने के नाते पहले दो घंटे में मतदान की गति धीमी रही अब वहां भी मतदाताओं की लम्बी कतारे मतदान केन्द्रों में लग गई है।
कुछ मामूली घटनाओं को छोड़ मतदान आमतौर पर शान्तिपूर्ण चल रहा है। जशपुर एवं बेमेतरा जिले में कुछ मतदान केन्द्रों पर ईवीएम की खराबी के कारण मतदान कुछ देर प्रभावित हुआ बाद में नई मशीनों के लगाने के बाद मतदान शुरू हो गया।
पढ़ें, 'आरएसएस और नक्सलियों के बीच गठजोड़'
बिलासपुर, रायगढ़, अम्बिकापुर जिले में भी कुछ स्थानों पर हल्की झड़पें होने की सूचना है।
राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती तथा लाभाडी के मतदान केन्द्रों में मतदाता पर्ची एवं मतदाता सूची में अन्तर के कारण मतदाताओं ने हंगामा किया।
पुलिस बल ने पहुंचकर उन्हें शान्त किया। तमाम स्थानों पर मतदाताओं ने सूची से नाम गायब होने की शिकायत की। राजधानी के अधिकांश मतदान केन्द्रों में मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। केन्द्रों पर लम्बी लम्बी कतारें लगी हैं।