छत्तीसगढ़ में पहले चरण के मतदान में 12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। अमर उजाला आपको बताएगा छत्तीसगढ़ के जमीनी हालात और उन विषयों के बारे में जो इस बार चुनावी मुद्दे हैं। इसी के मद्देनजर अमर उजाला का चुनाव रथ पहुंचा कोरबा। टी वैली प्रायोजित सत्ता के सेमीफाइनल कार्यक्रम में संवाददाता वैभव कुमार ने हर उम्र के लोगों से बात करके जनता का मूड जानने की कोशिश की। साथ ही नेताओं से भी बातचीत की।
उन्होंने जाना कि आखिर जनता क्या चाहती है? उनके चुने हुए नेता उनकी उम्मीदों पर कितने खरे उतरे हैं? साथ ही यह भी जाना कि जनता इस बार के चुनाव में किसे मौका देना चाहती है। अमर उजाला के लाइव वीडियो में जानिए कि कोरबा इस बार किन मुद्दों पर वोट करने वाला है।
कांग्रेस का सवाल
सवाल जवाब के दौर में शामिल कांग्रेस प्रवक्ता श्याम सुंदर ने कहा- हमने 30-35 बार प्रदूषण के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया, पीएम तक को लिखा गया। हमारे विधायक ने कोरबा के विकास के लिए हर समस्या के लिए लड़ाई लड़ी है। लेकिन भाजपा सरकार अंधी बहरी सरकार है, करें तो क्या करें। रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा- कांग्रेस ने बाल्को, एनटीपीसी, कोयला खदानें लगाईं, लेकिन अटल वाजपेयी की सरकार ने बाल्को प्लांट वेदांता को बेच दिया। बेरोजगारी तो बढ़ेगी ही। नौकरी देने का अधिकार निगम के हाथ में नहीं है सरकार के हाथ में है। भाजपा सरकार ने कल कारखानों को बेचने का काम किया है।
जनता कांग्रेस का नजरिया
वहीं, जनता कांग्रेस के प्रतिनिधि ने कहा- कोरबा के युवा आत्महत्या कर रहे हैं। राजनांदगांव में सबसे ज्यादा लोग आत्महत्या कर रहे हैं। आज युवा निराश हैं। कांग्रेस-भाजपा एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। अजीत जोगी जी लोगों के सामने शपथपत्र के साथ जा रहे हैं और बता रहे हैं कि सरकार बनने पर काम नहीं किया तो एफआईआर करवा सकते हैं। हम जो बोलते हैं वही करते हैं।
भाजपा का जवाब
भाजपा प्रतिनिधि ने कहा- हम काम का हिसाब देते हैं। रमन सिंह हर साल लोगों के सामने जाते हैं और हिसाब देते हैं। 10 साल के कांग्रेस विधायक कोरबा में क्या कर रहे हैं जवाब दें। महापौर भी कांग्रेस का है। 60 साल का हमने हिसाब नहीं मांगा, कांग्रेस ने 60 साल तक घोटाले किए। देश को बर्बाद किया। कोरबा में अस्पताल क्यों नहीं है, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा- राज्य के सभी जिलों के अस्पतालों में स्मार्ट कार्ड के जरिए 50 हाजार रुपये तक की इलाज की योजना चल रही है। 40 साल से यहां सड़कें नहीं बनी थी, आज हाईवे बन रहे हैं।
क्या कहती है आम जनता?
वहीं आम जनता ने कहा कि यहां रोजगार प्रमुख मुद्दा है। राज्य में कई प्लांट खोलने का वादा किया गया था उसका क्या हुआ। युवा उम्मीद लगाए बैठे हैं कि हमें रोजगार मिलेगा, वो कब मिलेगा। प्रदूषण से तो जूझ ही रहे हैं सड़की हालत भी खराब है। वार्ड 28 में रोड की गिट्टी, बालू अलग मिल जाएगी। बारिश में स्वीमिंग पूल बन जाता है।