छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में 72 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहे हैं। इन विधानसभा सीटों मे 1.54 करोड़ मतदाता हैं। जिसमें 77.53 लाख वोटर पुरुष और 76.46 लाख महिला और 877 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से भारी भीड़ दिखी। वोटिंग के लिए पहुंचे मतदाताओं को सुबह से ही मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही कई जगहों पर ईवीएम में खराबी की खबरें आई हैं।
रायपुर मे 21 ईवीएम मशीनों के खराब होने की सूचना आई है। भाटापरा के 8 मतदान केंद्रों में ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना आई है। साथ ही कोरिया के बूथ नबंर 17, सराईपाली के कुसमिसराल, पाली तानाखार के पसान में ईवीएम में खराबी की सूचना आई है। वहीं इसके बीच जांजगीर मे 17 फीसदी मतदान तो चंद्रपुर में 14 फीसदी वोटिंग हुई है।
मुख्यमंत्री रमन सिंह के गृहनगर कवर्धा विधानसभा सीट से सबसे पहले ईवीएम खराब होने की खबर आई। बता दें कि यहां सुबह तकरीबन आधे धंटे तक मतदान रुका रहा। शुरुआत में कवर्धा के मतदान केंद्र शंख्या 232, 236, 239, 242 पर ईवीएम खराब हुई थी जिसके कुछ देर बाद ईवीएम को ठीक किया गया। इसके बाद मतदान फिर से शुरू हुआ।
हालांकि ईवीएम सिर्फ कवर्धा ही नहीं बल्कि कई और विधानसभा सीटों पर भी ईवीएम खराब होने की खबर आई। धमतरी में ईवीएम खराब होने के कारण बहुत देर तक वोटिंग रूकी रही। इसके साथ सिहावा विधानसभा क्षेत्र में कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराब हो गए। इसी क्रम में प्रेमनगर विधानसभा के बूथ क्रमांक 90-91 पर ईवीएम खराब होने की खबर आई थी। जिसके कारण मतदान की प्रतिक्रिया को आधे-धंटे तक रोका गया।