लोकतंत्र के उत्सव यानी चुनाव में उम्मीदवार एक दूसरे को पछाड़ने के लिए नेता एड़ी चोटी का जोर लगा देते हैं और किसी भी हद को पार कर जाते हैं।
छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री और नवागढ़ से भाजपा के प्रत्याशी दयालदास बघेल का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वीडियो में नवागढ़ प्रत्याशी बघेल चुनाव जीतने के लिए ईवीएम मशीन की पूजा करते हुए दिख रहे हैं। वोट डालने से पहले उन्होनें अगरबत्ती जलाई और पूरे बूथ का चक्कर काटा। इसके बाद उन्होंने हाथ में नारियल लेकर ईवीएम मशीन को प्रणाम किया और मतदान केंद्र से बाहर आकर नारियल फोड़ा।
इस पूरे मामले पर मुख्य चुनाव अधिकारी सुब्रत साहू ने कहा है कि हमने रिटर्निंग अफसर को भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं। प्रत्याशी का जवाब मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
बेमेतारा जिले की नवागढ़ सीट पर भाजपा के प्रत्याशी दयालदास बघेल का कांग्रेस के उम्मीदवार गुरु दयाल सिंह बंजारे से मुकाबला है। छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में 20 नवंबर को मतदान हुआ। नतीजे 11 दिसंबर को आएंगे।