फेसबुक पर दोस्ती, फिर इश्क और फिर महिला हो गई गायब। परेशान पति पुलिस के पास पहुंचा और केस दर्ज कराया। पुलिस की जांच शुरू की तो सामने आए कई सच।
दिल्ली की रहने वाली एक महिला की दोस्ती छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के रहने वाले जयप्रकाश सिंह से हुई। चैटिंग दोस्ती में बदल गई और दोस्ती प्यार में। दोनों के बीच मोबाइल पर लंबी लंबी बातें भी होने लगीं।
पति ने पुलिस में मामला दर्ज कराया
फिर एक दिन वो पति को बताए बिना गायब हो गई। वो बिलासपुर पहुंच गई जयप्रकाश से मिलने के लिए। पति परेशान था, उसने बीवी को ढूंढा और जब उसका कोई पता नहीं चला तो उसने पुलिस में मामला दर्ज कराया।
छत्तीसगढ़ के स्थानीय अखबारों में छपी खबरों के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने महिला के मोबाइल की लोकेशन निकाली तो वो छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में निकली।
महिला को छोड़ आया बिहार
पुलिस की एक टीम उसे ढूंढने के लिए बिलासपुर पहुंची और जयप्रकाश से पूछताछ की। जयप्रकाश ने पुलिस को बताया कि वो मूलरूप से बिहार के छपरा का रहने वाला है और महिला को छपरा ही छोड़ आया है।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से दिल्ली पुलिस को उसकी तीन दिन की ट्राजिट रिमांड मिल गई। पुलिस पूछताछ के लिए आरोपी को दिल्ली ले गई है जबकि एक टीम महिला की बरामदगी के लिए छपरा गई है।