फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीजी: सूरजपुर में 113 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, दो और आरोपी गिरफ्तार; 13 लाख का मिला था कमीशन

Mon, 23 Nov 2026 02:24 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सूरजपुर

सार

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में 113.32 करोड़ रुपये के संदिग्ध साइबर लेन-देन मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फर्जी संस्था के बैंक खाते से 21 राज्यों के 150 खाताधारकों से ठगी हुई। आरोपियों को 13 लाख रुपये कमीशन मिला था।

 

विज्ञापन
साइबर अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,13,32,09,604 रुपये के संदिग्ध लेन-देन से जुड़े अंतरराज्यीय साइबर ठगी मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह विशाल धोखाधड़ी देश के 21 राज्यों के 150 बैंक खाताधारकों से जुड़ी शिकायतों के आधार पर उजागर हुई है।

विज्ञापन


सूरजपुर पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर दबिश देकर कांकेर जिले के पंखानजूर निवासी 32 वर्षीय अमन पासवान और सूरजपुर के नावापारा निवासी 30 वर्षीय जिशान खान को पकड़ा है। अदालत ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसकी तलाश जारी है।

संस्था के नाम पर खुलवाया था बैंक खाता
पुलिस की जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी ने मिलकर 'डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन' नाम से एक फर्जी संस्था का बाकायदा पंजीयन कराया था। इसी संस्था के नाम का सहारा लेकर आरोपियों ने भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर स्थित शाखा में एक नया बैंक खाता खुलवा लिया।
विज्ञापन


भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के समन्वय पोर्टल 'जॉइंट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन टीम मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम' के जरिये सूरजपुर पुलिस को इस खाते से होने वाले संदिग्ध लेन-देन के संबंध में अहम जानकारियां प्राप्त हुई थीं। इसके बाद पुलिस ने बैंक प्रबंधन से केवाईसी दस्तावेज और खाते से संबंधित विवरण हासिल कर जब जांच शुरू की, तो साइबर अपराध के तारों का पता चला। देश के 21 अलग-अलग राज्यों के 150 बैंक खाताधारकों ने इसी खाते से जुड़ी ठगी के संबंध में अपनी शिकायतें दर्ज कराई थीं।

13 लाख रुपये का मिला था कमीशन
पुलिस की जांच में यह तथ्य भी स्पष्ट रूप से सामने आया कि 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच छह दिनों के भीतर इस बैंक खाते में लगभग 13 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की भारी-भरकम राशि जमा कराई गई थी। इस ठगी की रकम के लेन-देन के एवज में आरोपियों को कुल 13 लाख रुपये का कमीशन मिला था।

आरोपियों ने कमीशन की राशि को आपस में बांट लिया था। जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी देवनारायण चक्रधारी को आठ लाख रुपये, अमन पासवान को दो लाख रुपये और जिशान खान को दो लाख 50 हजार रुपये मिले थे। बैंक खाते से कमीशन की रकम निकालने के लिए आरोपियों ने चेक व एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया था। जिशान ने बैंक से चेक और एटीएम के जरिये रुपये निकाले थे और पूछताछ में आरोपियों ने इस राशि को खर्च कर देना बताया है।

फरार आरोपी की तलाश और आगे की जांच
मामले में सूरजपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मुख्य आरोपी देवनारायण चक्रधारी को पहले ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अदालत में चालान पेश कर चुकी है। पुलिस की टीम अब फरार चल रहे एक अन्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी की राशि आगे किन-किन अन्य बैंक खातों में भेजी गई थी। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों में फैले इस साइबर ठगी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें