CG Politics: छत्तीसगढ़ बीजेपी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने झीरम कांड को लेकर प्रदेश के पूर्व सीएम भूपेश बघेल पर निशाना साधा है।
CG Politics: छत्तीसगढ़ बीजेपी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने झीरम कांड को लेकर प्रदेश के पूर्व सीएम भूपेश बघेल पर निशाना साधा है। इन्होंने आरोप लगाते हुए कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की झीरम घाटी नरसंहार के प्रति कभी कोई वास्तविक संवेदना नहीं रही। वे अपने पांच साल के कार्यकाल में केवल जेब से पर्ची निकालकर सबूत जेब में होने का नाटक करते रहे, लेकिन कभी उसे कोर्ट में पेश नहीं किया।
विज्ञापन
सांसद पाण्डेय ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए और फिर सत्ता में आने के बाद बघेल लगातार कहते रहे कि झीरम घाटी हमले के सबूत उनकी जेब में हैं, लेकिन पांच साल तक पूर्ण बहुमत की सरकार चलाने के बावजूद उन्होंने कभी वह सबूत अदालत के सामने पेश नहीं किया।
विज्ञापन
सांसद ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि भूपेश-सरकार के पास 3200 करोड़ रुपये का शराब घोटाला करने, 540 करोड़ रुपये की कोयले में अवैध कमाई करने, ऑनलाइन सट्टा (महादेव बेटिंग ऐप) चलवाने और 508 करोड़ रुपये की प्रोटेक्शन मनी लेने का पूरा समय था, लेकिन झीरम घाटी के शहीदों को न्याय दिलाने और सबूत कोर्ट में रखने का समय नहीं मिला!
उन्होंने कांग्रेस नेता अटल श्रीवास्तव के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता दुर्दांत नक्सली हिड़मा को अपना 'रोल मॉडल' बता रहे हैं! इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस का चरित्र और उनकी मानसिकता कैसी है। वे किसे अपना आदर्श मानते हैं? छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र और घोटालों की राजनीति को समझती है और झीरम घाटी पर केवल राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।