केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का छत्तीसगढ़ दौरा रद्द हो गया है। वे 12 अक्टूबर को रायपुर आने वाले थे। इस दौरान प्रदेश में कई रेल परियोजनाओं शुरुआत करने वाले थे। वहीं रायपुर में रेलवे सुरक्षा बल के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होना था। उनके दौरे को लेकर रेलवे प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली थी। इसके लिये पिछले एक महीने से तैयारी की जा रही थी। रेलवे अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
ये कार्यक्रम कैंसिल
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के दौरे के कैंसिल होने के बाद रायपुर रेलवे स्टेशन पर होने वाले कार्यक्रमों को निरस्त कर दिया गया है। दूसरी ओर उनके दौरे से जुड़े अन्य कार्यक्रमों को लेकर अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बाकी कार्यक्रम यथावत रहेंगे।
बता दें कि पहले 9 अक्टूबर को रेल मंत्री का रायपुर दौरा प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसे कैंसिल कर 12 अक्टूबर किया गया था। अब फिर उनका दौरा कैंसिल कर दिया गया है।
इधर, रायपुर मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा अभियान
दूसरी ओर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल में 15 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इस दौरान प्रतिदिन निर्धारित थीम के अनुरूप रेलवे परिसरों में स्वच्छता, स्वच्छ पर्यावरण एवं जनजागरुकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है।
इस क्रम में 10 अक्टूबर 2026 को “अनाधिकृत पोस्टर, बैनर, दाग-धब्बे हटाने का अभियान” थीम के अंतर्गत मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों, रेलवे परिसरों एवं कार्यालयों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के माध्यम से रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के तहत स्टेशनों, फुट ओवर ब्रिज, सब-वे, बाउंड्री वॉल एवं रेलवे कॉलोनियों में लगे अनाधिकृत पोस्टर, स्टिकर, दीवार लेखन, बैनर एवं होर्डिंग की पहचान कर उन्हें हटाया गया। पोस्टर एवं विज्ञापन सामग्री हटाने के पश्चात संबंधित दीवारों एवं खंभों की विशेष सफाई की गई, ताकि परिसर की सुंदरता बनाए रखने के साथ-साथ दोबारा पोस्टर चिपकाने की प्रवृत्ति को भी कम किया जा सके।
रेलवे परिसरों में पान एवं गुटखे की पीक से होने वाले लाल तथा पीले दाग-धब्बों को हटाने के लिए दीवारों, खंभों, सीढ़ियों तथा फुट ओवर ब्रिज एवं सबवे के कोनों की विशेष सफाई तथा स्क्रबिंग की गई। अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म के कोनों तथा स्टेशन के प्रवेश एवं निकास द्वार जैसे अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। वाणिज्य विभाग द्वारा सभी प्रमुख स्टेशनों में उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने, इधर-उधर न थूकने तथा कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालने संबंधी संदेश प्रसारित कर जागरूक किया जा रहा है।