CG Liquor Scam: छत्तीसगढ़ में दो हजार करोड़ रुपये के शराब घोटाले मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर को नोटिस जारी किया है।
CG Liquor Scam: छत्तीसगढ़ में दो हजार करोड़ रुपये के शराब घोटाले मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर को नोटिस जारी किया है। इस मामले में एजाज ढेबर का बयान सामने आया है। उन्होंने वोटिंग से ठीक पहले इस समन को राजनीति से प्रेरित बताया है। ढेबर ने कहा कि इतने दिनों से न कोई नोटिस भेजा गया और न ही चालान में मेरा नाम है। चुनाव से ठीक पहले ये सब किया गया है। इससे क्लीयर है कि ये राजनीति से प्रेरित कदम है।
विज्ञापन
मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि वो जांच में पूरा-पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि वो कोई अपराध नहीं किये हैं। जैसा कहा जाएगा वैसा करूंगा। जांच में पूरा-पूरा सहयोग दूंगा। सूत्रों के मुताबिक चुनाव के बाद एजाज ढेबर से पूछताछ हो सकती है। वहीं ढेबर का कहना है कि वे नगरीय निकाय चुनाव के बाद एसीबी कार्यालय में उपस्थित होंगे।
जनवरी 2024 में इस मामले में ईडी ने राज्य की जांच एजेंसी ईओडब्ल्यू-एसीबी में एफआईआर दर्ज कराई थी। ED ने एफआईआर के लिए दिए अपने आवेदन में कहा था कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा, छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कारपोरेशन के तत्कालीन एमडी एपी त्रिपाठी, कारोबारी अनवर ढेबर के अवैध सिंडिकेट के जरिए दो हजार करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले को अंजाम दिया है। ईओडब्ल्यू-एसीबी ने जांच शुरू करते हुए डुप्लीकेट होलोग्राम का खुलासा किया था।