Jai Jagannath Rath Yatra in raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर 16 जुलाई को महाप्रभु जगन्नाथ की जयघोष से गूंजयमान होगी। जगन्नाथ मंदिर गायत्री नगर में महाप्रभु की भव्य रथयात्रा निकलेगी।
Jai Jagannath Rath Yatra in raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर 16 जुलाई को महाप्रभु जगन्नाथ की जयघोष से गूंजयमान होगी। जगन्नाथ मंदिर गायत्री नगर में महाप्रभु की भव्य रथयात्रा निकलेगी। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और सीएम विष्णुदेव साय रथ के सामने सोने की झाड़ू से 'छेरा पहरा' की रस्म निभायेंगे। यह परंपरा राजा से लेकर आम लोगों के लिये सेवा, समर्पण और विनम्रता का संदेश देती है।
विज्ञापन
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे। रथयात्रा के दौरान महिला मंडलों द्वारा भजन-कीर्तन, आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां, पारंपरिक लोकनृत्य एवं "जय जगन्नाथ" के गगनभेदी जयघोषों से पूरा मंदिर परिसर एवं शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष और रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि रथयात्रा भक्त और भगवान के प्रत्यक्ष मिलन का महापर्व है। वर्ष में केवल इसी अवसर पर भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के साथ मंदिर से बाहर निकलकर भक्तों को सुलभ दर्शन देते हैं। यह पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच सांस्कृतिक एकता, भाईचारे और सनातन परंपराओं का भी जीवंत उत्सव है।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि रथयात्रा के दिन सुबह में 11 वैदिक पंडित विशेष अभिषेक, पूजन और हवन करायेंगे। चंदन, केसर, कस्तूरी, कपूर एवं अन्य सुगंधित द्रव्यों से भगवान का दिव्य स्नान कराया जाएगा। पारंपरिक गजामूंग महाप्रसाद अर्पित किया जाएगा। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद एवं मंगल वाद्ययंत्रों की ध्वनि के बीच भगवान अपने दिव्य रथों पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए प्रस्थान करेंगे।