CG Congress protest on National Herald case: छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने आज बुधवार को नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर प्रदेश की राजधानी रायपुर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सबसे पहले कांग्रेसी पुराना बस स्टैंड पंडरी में एकजुट हुए। फिर यहां से बड़ी संख्या में कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए बीजेपी जिला कार्यालय एकात्म परिसर के लिए कूच किया।
इस दौरान पहले से ही मौके पर तैनात पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही बैरिकेड्स लगाकर रोक लिया। आक्रोशित कांग्रेसियों ने भाजपा के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस और कांग्रेसियों के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई।
'बदनाम करने के लिए ईडी का दुरुपयोग'
चर्चा में पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि नेशनल हेराल्ड हमारा था, आजादी की लड़ाई में उसकी बड़ी भूमिका थी। उस अखबार को बचाने के लिए 'यंग इंडिया' के द्वारा सहायता दी गई। वो हमारी संपत्ति थी, कांग्रेस की संपत्ति थी जो नेहरू, पंत , किदवई जैसे नेताओं ने स्थापित की थी। भाजपा ने इसे बदनाम करने के लिए ईडी का दुरुपयोग किया। बिना एफआईआर के 12 साल तक जांच कराते रहे। बीजेपी ने राहुल गांधी , सोनिया गांधी , खरगे को बदनाम किया। जब कोर्ट में मामला गया तो ये टिके नहीं। अदालत ने इस मामले को संज्ञान लेने लायक ही नहीं समझा। यह सत्य की जीत है और मोदी-शाह के गाल पर करारा तमाचा है।
नेशनल हेराल्ड मामले में भाजपा का षड्यंत्र बेनकाब: दीपक बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि आज नेशनल हेराल्ड मामले में भाजपा का षड्यंत्र बेनकाब हो गया। लोकतंत्र पर हमले और विपक्ष को दबाने की राजनीति के खिलाफ भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर का घेराव किया गया। एजेंसियों का दुरुपयोग कर एक दशक तक हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व की छवि धूमिल करने के बाद अब भाजपा बेनक़ाब हो चुकी है। कोर्ट ने ईडी को फटकारते हुए कह दिया है कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी सहित किसी पर भी नेशनल हेराल्ड में मनी लाउंड्रिंग का मामला नहीं बनता है। जिस तरह से एजेंसियों का दुरुपयोग कर भाजपा विपक्ष को डराना, धमकाना चाहती है, उसके खिलाफ हम सब एकजुट हैं। आज छत्तीसगढ़ भाजपा कार्यालय का घेराव कर हम सबने “सत्यमेव जयते” के संकल्प को दोहराया है।
ये नेता रहे मौजूद
घेराव कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, अमरजीत भगत, उमेश पटेल, विधायक द्वारिकाधीश यादव, खादी ग्रामोद्योग के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, रायपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे, कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री सकलेन कामदार, सुबोध हरिवाल, महेन्द्र छाबड़ा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पंकज शर्मा, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, अनीता शर्मा, छाया वर्मा, अरूण वोरा, मोतीलाल देवांगन, कन्हैया अग्रवाल, तारणी चंद्राकर, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, प्रवक्ता वंदना राजपूत, डॉ. अजय साहू, शिविंसह ठाकुर, सलाम रिजवी, उधो वर्मा, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, चिकित्सा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता, आकाश तिवारी, प्रभभोत सिंह लाड़ी, राहुल इंदुरिया, मोहम्मद सिद्दीक, इकराम अहमद, हीरेन्द्र देवांगन बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित थे।