जनसंपर्क करते विधायक बृजमोहन अग्रवाल
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पिछले साढे चार साल से छत्तीसगढ़ की जनता को सिर्फ ठगा गया है। उनकी भावनाओं से खिलवाड़ करते हुए झूठे सपने दिखाए गए। आज अंधेरे में धकेल दिया गया है। राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ की जनता के सिर पर 60 हजार करोड़ के कर्ज का बोझ लाद दिया है। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि सरकार से पूछा जाए कि इतना खर्च करके राज्य में क्या विकास किया है।
बृजमोहन अग्रवाल ने राजधानी के कुशालपुर क्षेत्र में आयोजित जनसंपर्क अभियान के दौरान नुक्कड़ सभाओं में कहा कि कांग्रेस की सरकार आने के बाद छत्तीसगढ़ का विकास पूरी तरह से थम गया है। उन्होंने जनता को उदाहरण देकर समझाया कि केंद्र की मोदी सरकार ने घर-घर जल पहुंचाने के लिए देश भर में अमृत मिशन योजना की शुरुआत की। यह योजना 3 वर्ष पहले ही रायपुर में पूरी हो जानी चाहिए थी लेकिन अभी तक नही हुई। कांग्रेस सरकार आने के बाद इस योजना में जमकर भ्रष्टाचार किया गया। नतीजा सामने हैं। पानी के लिए रायपुर के वार्डों में हाहाकार मचा है। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री आवास योजना को भी इन्होंने भ्रष्टाचार की नियत से रोके रखा है। गरीबों को पक्के घर के अधिकार से वंचित रखा है। जबकि मोदी सरकार हजारों करोड़ की धनराशि यहां के विकास एवं जनसुविधाओं की बढ़ोतरी के लिए दे रही है।
ये रहे मौजूद
इस दौरान अग्रवाल के साथ जिला भाजपा अध्यक्ष जयंती भाई पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश सिंह ठाकुर, संनिर्माण कर्मकार मंडल के पूर्व अध्यक्ष मोहन एंटी, मत्स्य महासंघ के रामकृष्ण धीवर, पार्षद मनोज वर्मा, मृत्युंजय दुबे, श्याम सुंदर अग्रवाल,मंडल भाजपा अध्यक्ष महेश शर्मा, सालिक सिंह ठाकुर,बृजेश पांडे,स्वप्निल मिश्रा,संजू नारायण सिंह ठाकुर, चूड़ामणि निर्मलकर आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।