छत्तीसगढ़ आम आदमी पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस ली।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव होने में महज ढाई महीने ही बचे हैं। इसे देखते हुए सभी पार्टियां तैयारी में जुट गई हैं। पार्टी के कार्यकर्ता बूथ स्तरों पर पहुंचकर पार्टी के काम गिना रही है। सभी पार्टियों के बड़े-बड़े नेता कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति बता रहे हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ आम आदमी पार्टी ने अपने गारंटी कार्ड को जनता तक पहुंचाने के लिए आज मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस ली।
आम आदमी पार्टी ग्राम समिति गठन करके ग्राम समिति के 25 हजार वालंटियर्स के माध्यम से प्रदेश के हर-घर तक अरविंद केजरीवाल की गारंटी पहुंचाने की रणनीति बनाई है। हर घर गारंटी पहुंचने के लिए कार्यकर्ताओं को विधानसभा स्तर पर ट्रेनिंग दिया जाएगा। वहीं आम आदमी पार्टी के केंद्रीय टीम और पंजाब की 11 विधायक की टीम हर लोकसभा की मॉनिटरिंग करेंगे।
आप के प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल साहू ने बताया कि प्रदेश के 20 हजार गांवों तक पहुंचने के उद्देश्य से विधानसभा स्तर पर ट्रेनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कार्यकर्ताओं को डोर टू डोर गारंटी कार्ड की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही लोकसभा स्तर पर भी गारंटी कार्ड डोर टू डोर पहुंचाने के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी। इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को अभियान की ट्रेनिंग दी जाएगी।
आप प्रदेश प्रवक्ता सुरज उपाध्याय ने कहा कि ट्रेंनिंग प्राप्त वालंटियर्स ग्राउंड लेवल पर पैम्फलेट माध्यम से गारंटी कार्ड लोगों तक पहुंचा रहे हैं। इसके साथ ही ऑनलाइन माध्यम से भी अरविन्द केजरीवाल की गारंटी लोगों तक पहुंचाने की हमने तैयारी की है। सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से लोगों को पार्टी की रीति-नीति को बताया जाएगा। इसके लिए सोशल मीडिया ग्रुप में एक गांव के 50 से 70 लोगों को जोड़ा जा रहा है। इसमें पार्टी के नेता भी शामिल होंगे। इस ग्रुप के जरिए रोजाना लोगों को आप के अभियान की जानकारी दी जाएगी।