रायगढ़ जिले में बड़े भाई ने अपनी बहन की धारदार टांगी से वार कर हत्या कर दी। यह घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र के राताखंड गांव में हुई। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, राताखंड गांव की रहने वाली आसो बाई मांझी ने बताया कि उसके दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी है, जिनकी शादी हो चुकी है। उसकी बेटी उर्मिला मांझी (30) ने ग्राम पोरडा निवासी दीपक राठिया से प्रेम विवाह किया था। पति की मृत्यु के बाद उर्मिला अपने मायके में रह रही थी। इस बात से उसका भाई सतकुमार मांझी (34) नाराज था और वह नहीं चाहता था कि उर्मिला मायके में रहे। इसी बात को लेकर बीते दिन सुबह करीब छह बजे दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ।
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सतकुमार ने उर्मिला के साथ हाथ, मुक्कों और धारदार टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों पर भी सतकुमार ने हमला किया, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में हत्या का अपराध पाए जाने पर आरोपी सतकुमार मांझी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।