जांजगीर-चांपा के बारगांव में नहर एक व्यक्ति का शव मिला। वह पामगढ़ के पेट्रोल पंप में कर्मचारी था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौत का कारण अभी अज्ञात है।
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पंचायत बारगांव में नहर किनारे एक युवक का शव मिला। पामगढ़ पुलिस ने मृतक की पहचान संजय टंडन (35) के रूप में की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, लेकिन मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, संजय टंडन पामगढ़ के पंकज पेट्रोल पंप में कर्मचारी था और उसे शराब की लत थी। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह पेट्रोल पंप से निकला था। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में राहगीरों ने नहर किनारे शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। मृतक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले, इसलिए हत्या की आशंका से इनकार किया जा रहा है।
मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। संजय टंडन की पांच बेटियां हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।