रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में पैसों के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। रावतपुरा फेस-02 स्थित सांई मंदिर के पास हुई इस घटना में 34 वर्षीय अजय अग्रवाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 27 मार्च की दोपहर करीब 2 बजे की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किया गया है। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतक के परिजनों से पूछताछ में पता चला कि घायल अवस्था में अजय अग्रवाल ने खुद बताया था कि उस पर हमला डोमेश्वर देवांगन ने किया है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही समय में उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी डोमेश्वर देवांगन ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह कंस्ट्रक्शन का काम करता है और उसने मृतक के लिए काम किया था। काम के बदले 50 हजार रुपये की मांग को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के दिन भी आरोपी पैसे लेने मृतक के घर पहुंचा था, लेकिन पैसे नहीं मिलने पर वह बाहर इंतजार करता रहा। जैसे ही अजय अग्रवाल घर से बाहर निकला, आरोपी ने सब्जी काटने वाली चाकू से उसके पेट में वार कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।