अरुण साव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छत्तीसगढ़ बीजेपी अध्यक्ष अरुण साव ने विजय संकल्प महारैली में बड़ा दावा करते हुए कहा कि साल 2023 छत्तीसगढ़ और 2024 में केंद्र में बीजेपी की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि आज पूरा छत्तीसगढ़ उत्साहित है। पूरा छत्तीसगढ़ उत्साह से भरा हुआ है। छत्तीसगढ़ के कोने-कोने में संदेश जा रहा है कि 2024 में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे। जब 24 में मोदी का प्रधानमंत्री बनना तय है तो अभी नवंबर महीने में छत्तीसगढ़ में भी कमल खिलेगा।
छत्तीसगढ़ बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि आज गौरव का विषय है कि दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन हुआ। कौशल्या माता के मायके, भगवान राम के ननिहाल और संत गहिरा गुरु के धाम, संत गुरु घासीदास बाबा के धाम, शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गुंडाधुर की वीर भूमि और छत्तीसगढ़ के पावन धाम में मोदी का अभिनंदन है। आज हमारे बीच हमारे केंद्र के मंत्री नितिन नितिन गडकरी, मनसुख मांडवीया जी, डॉ रमन सिंह जी, रेणुका सिंह जी और मंच पर विराजमान नेतागण और इतनी बड़ी संख्या में बरसते पानी में पीएम को सुनने आए हुए छत्तीसगढ़ के भाई बहनों सभी को पाय लागी करता हूं।
आज का दिन छत्तीसगढ़वासियों के लिए यादगार:डॉक्टर रमन
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज का यह ऐतिहासिक अवसर छत्तीसगढ़ के लिए, रायपुरवासियों के लिए गौरवशाली क्षण है। पीएम ने पूरी दुनिया में भारत का मान सम्मान और गौरव बढ़ाया उनका भगवान राम की ननिहाल में स्वागत है। अयोध्या में राम जन्मभूमि पर रामलला का भव्य मंदिर बनाने वाले मोदी जी का छत्तीसगढ़ में स्वागत है। जम्मू कश्मीर से 370 समाप्त करने वाले प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ में स्वागत है। महामारी के दौर में 80 करोड़ लोगों को राशन देने वाले, 225 करोड़ भारतीयों को मुफ्त में टीका लगाने वाले, लाखों लोगों को आयुष्मान योजना में इलाज कराने वाले, भारत को पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने वाले मोदी जी का स्वागत है। अटल जी ने राज्य बनाया, मोदी जी ने संवारा सजाया। आज मैं कह सकता हूं मोदी जी का कार्यकाल इस 9 साल की उपलब्धि छत्तीसगढ़ में रोड कनेक्टिविटी एयर कनेक्टिविटी के साथ सड़कों का जाल बिछाने का काम किया गया।