जगदलपुर नगर निगम में कांग्रेस की महापौर के खिलाफ लाये गये अविश्वास प्रस्ताव में भाजपा अपनी ताकत झोकने के लिए तैयार है। शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने भाजपा पार्षद दल की महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें बस्तर प्रवास पर आये उड़ीसा के भाजपा विधायक नउरी नायक भी मौजूद थे। बैठक में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर रणनीतिक चर्चा हुई।
29 अगस्त को महापौर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिये आहूत सम्मिलन में समस्त भाजपा पार्षदों को उपस्थित रहने कहा गया है। विधानसभा चुनाव के ठीक पहले महापौर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को भाजपा बड़े अवसर के रूप में देख रही है। भाजपा जिला अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने कहा कि भाजपा पार्षद दल के द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव सफल हो, इसके लिये प्रयास में कोई कमी न हो।
उन्होंने कहा कि सभी भाजपा पार्षद संगठित व सक्रिय रहें। वर्तमान में कांग्रेस में आपसी फूट व खींचतान का माहौल बना हुआ है, जिसका लाभ भाजपा को मिल सकता है। इस दिशा में भी प्रयास होना चाहिए। महापौर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव में सभी ताकत लगायेंगे। उड़ीसा के भाजपा विधायक नउरी नायक ने अविश्वास प्रस्ताव को पारित कराने में आवश्यक रणनीति बना कर पूरी शक्ति से आगे बढ़ने कहा।