उर्स जुलूस में चाकू दिखाकर लोगों को डराने वाले अब्दुल अजीम खान और हर्ष खांडे को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनके पास से धारदार हथियार बरामद हुए।
बिलासपुर में उर्स जुलूस के दौरान आम लोगों को चाकू दिखाकर डराने वाले दो युवकों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से धारदार हथियार बरामद किया हैं। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था।
विज्ञापन
दरअसल, घटना तालापारा सिविल लाइन क्षेत्र की है, जहां उर्स जुलूस की एक टोली मगरपारा चौक से गुजर रही थी। इसी दौरान आरोपी अब्दुल अजीम खान हाथ में चापड़नुमा धारदार हथियार लेकर लोगों के बीच लहराते हुए मिला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे मौके से पकड़कर कार्रवाई की है।
वहीं दूसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है, जहां उर्स के दौरान घोड़ादाना स्कूल तारबहार से संदल और चादर की दूसरी टोली निकली थी। इस दौरान पुलिस लाइन के पास मामूली विवाद होने पर आरोपी हर्ष खांडे ने बड़ा चाकू लहराकर लोगों को डराना शुरू कर दिया।
विज्ञापन
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी वहां से फरार हो गया। बाद में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी पहचान की गई और पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लोहे का धारदार बड़ा चाकू जब्त किया गया। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।