जीजीयू में छात्रों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। विश्वविद्यालय के तात्या भील बॉयज हॉस्टल के मेस में मामूली विवाद के दौरान मेस कर्मचारियों द्वारा एक छात्र को चाकू लेकर दौड़ाने और मारपीट करने की घटना सामने आई है।
गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विश्वविद्यालय के तात्या भील बॉयज हॉस्टल के मेस में मामूली विवाद के दौरान मेस कर्मचारियों द्वारा छात्र को चाकू लेकर दौड़ाने और मारपीट करने की घटना सामने आई है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने तत्पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार छात्र हर्ष अग्रवाल नाश्ता लेने जीजीयू के मेस मे पहुंचे थे। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद नाश्ता मांगने को लेकर छात्र और मेस कर्मियों के बीच विवाद हो गया,जो जल्द ही हाथापाई में बदल गया। आरोप है कि मेस में कार्यरत दीपक केवट और दीपेंद्र केवट ने छात्र के साथ मारपीट की और चाकू लेकर मारने की नीयत से दौड़ाया। घटना के बाद छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
पीड़ित छात्र की शिकायत पर कोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जप्त किया है। आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि इस गंभीर घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है और विश्वविद्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।