बिलासपुर-उरगा मार्ग पर निर्माणाधीन भारतमाला हाईवे पर सोमवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तोरवा थाना क्षेत्र के दर्रीघाट-ढेंका कर्रा के पास अरपा नदी पर बन रहे अधूरे पुल से एक तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
निर्माणाधीन पुल से नीचे गिरी कार
तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि रात करीब 8 बजे दुर्घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां भारतमाला परियोजना के तहत पुल का निर्माण कार्य अभी अधूरा है और पुल के आगे सड़क का संपर्क भी नहीं जुड़ा है।