बिलासपुर रोजगार कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते भाजयुमो कार्यकर्ता।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री उपकार चंद्राकर और जिलाध्यक्ष निखिल केशरवानी सहित 40 से अधिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। भाजयुमो नेताओं पर रोजगार कार्यालय में घुसकर हंगामा, गाली गालौच और शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप है। उप संचालक रोजगार कार्यालय की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर की कार्रवाई की है।
दरअसल, दो अप्रैल को भाजयुमो ने बेरोजगारी भत्ते और रोजगार की मांग के साथ सरकार की वादाखिलाफी को लेकर रोजगार कार्यालय का घेराव किया था। इस दौरान मंचीय कार्यक्रम के बाद भाजयुमो नेता व कार्यकर्ता पुलिस का बेरिकेटिंग तोड़कर रोजगार कार्यालय के भीतर घुस गए। आरोप है कि इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा मचाते हुए ऑफिस में कालिख पोत दी।
कई प्रदर्शनकारी, अधिकारी और कर्मचारियों के केबिन में भी घुस गए थे। करीब एक घंटे तक भाजयुमो का प्रदर्शन जारी रहा। जिसके बाद औपचारिक गिरफ्तारी देते हुए प्रदर्शन समाप्त किया गया था। घटना के बाद रोजगार कार्यालय के उप संचालक अमरचंद पहारे ने मामले की शिकायत कोनी थाने में की है। उन्होंने भाजयुमो प्रदर्शनकारियों पर ऑफिस में घुसकर गाली गलौज करने व शासकीय काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है।