राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त किए जाने के विरोध में बिलासपुर में आज कांग्रेसियों ने लोकतंत्र बचाओ मशाल शांति मार्च रैली निकाली। गांधी चौक से निकली मशाल रैली शहर के मुख्य मार्ग से होते हुए देवकीनंदन चौक पहुंची। मशाल रैली के समापन होने पर प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम कांग्रेस कार्यकर्ताओ को संबोधित कर रहे थे।
इसी दौरान मंच पर अधिक भीड़ होने से अचानक मंच गिर गया, जिससे प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, प्रदेश प्रभारी चंदन यादव, विधायक शैलेश पांडे जिला अध्यक्ष विजय केसरवानी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नेता मंच से गिर गए। जिससे कई कांग्रेसी नेताओं को चोट भी लगी है। वहीं मोहन मरकाम व सह प्रभारी चंदन यादव बाल-बाल बच गए। मंच गिरने की घटना के बारे में जब प्रदेश अध्यक्ष से सवाल किया गया तो वे बात को टालते नजर आए। इस घटनाक्रम के बाद विपक्ष को अब बैठे बिठाए मुद्दा मिल गया है और कहीं न कहीं इस हादसे के बाद व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।