बिलासपुर जिला न्यायालय परिसर के बाहर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट अग्निकांड के आरोपी का नाम सामने आया है। न्यायालय परिसर के बाहर भीम आर्मी से जुड़े कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी हो गई थी। इसके बाद दो पक्षों में विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं ने जमकर हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी।
कलेक्ट्रेट आगजनी का आरोपी शामिल
घटना के बाद मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, इस विवाद में बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट परिसर में हुए अग्निकांड मामले के आरोपी ओम प्रकाश बंजारे का नाम भी सामने आया है।बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट में हुई आगजनी की घटना के बाद प्रशासन ने आरोपी ओम प्रकाश बंजारे को जिला बदर कर दिया था। इसके बाद न्यायालय परिसर के बाहर हुए विवाद में उसका नाम सामने आने के बाद यह मामला काफी चर्चा में आ गया है।
ये भी पढ़ें-
बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: नक्सलियों का जखीरा बरामद, आठ किलो जिलेटिन समेत कारतूस जब्त
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद दोनों पक्षों के कार्यकर्ता बिलासपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचे। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीम सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो और शिकायत में दर्ज तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।