नक्सल विरोधी एवं सुरक्षा अभियान के तहत बीजापुर पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने भोपालपटनम थाना क्षेत्र के ग्राम नीलमडगु के जंगल में नदी किनारे छिपाकर रखा हथियार और गोला-बारूद का डंप बरामद किया है। बरामद सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, एक सितंबर 2026 को भोपालपटनम थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नीलमडगु के जंगल में नदी किनारे कुछ संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना की तस्दीक और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए संयुक्त सुरक्षा दल को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
सर्चिंग के दौरान जवानों को नदी किनारे कटे हुए पेड़ के खोखले हिस्से में लावारिस हालत में छिपाकर रखा गया हथियार और गोला-बारूद का डंप मिला। तलाशी के दौरान मौके से 12 बोर का एक देशी कट्टा, एक टूटी हुई BGL राइफल, 8 BGL सेल, 12 बोर के देशी कट्टे के 10 जिंदा राउंड, 3 देशी कट्टा सेल कैप, एक पेचकस और एक पिट्ठू बैग बरामद किया गया।
पढ़ें: छत्तीसगढ़ का जनभागीदारी जल संरक्षण मॉडल राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत, देश में प्रथम
पुलिस ने बरामद सभी सामग्री को नियमानुसार जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नक्सल विरोधी अभियान के तहत जंगलों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग एवं निगरानी की जा रही है।
यह संयुक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बीजापुर उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में एसडीओपी भोपालपटनम घनश्याम कामड़े, थाना प्रभारी भोपालपटनम मुकेश पटेल, डीआरजी बीजापुर, बीडीएस टीम और थाना भोपालपटनम के जवानों की भूमिका रही।