सार
बीजापुर प्रेस क्लब चुनाव में के. संतोष अध्यक्ष, इरशाद खान सचिव और प्रसून शर्मा कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। 46 पत्रकारों ने मतदान किया और मतदान प्रतिशत 100 फीसदी रहा। इरशाद ने एक वोट से जीत दर्ज की। संतोष ने पत्रकार हितों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिया।
चुनाव के बाद पदाधिकारियों सहित सदस्य
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार को बीजापुर प्रेस क्लब का चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुआ। चुनाव में अध्यक्ष पद पर के. संतोष ने जीत दर्ज की। वहीं सचिव पद पर इरशाद खान ने महज एक वोट के अंतर से जीत हासिल की। कोषाध्यक्ष पद पर प्रसून शर्मा निर्वाचित हुए।
अध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इनमें के. संतोष को सबसे अधिक 21 वोट मिले। गणेश मिश्रा को 13, ईश्वर सोनी को 7 और कमलेश पैंकरा को 5 वोट मिले। इस तरह के. संतोष ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
सचिव पद के लिए तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। इरशाद खान को 17 वोट, आशीष पदमवार को 16 और बसंत मामडीकर को 13 वोट मिले। इरशाद खान ने एक वोट के अंतर से सचिव पद पर जीत हासिल की।
कोषाध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में थे। प्रसून शर्मा को 30 वोट मिले, जबकि सिरोज विश्वकर्मा को 16 वोट प्राप्त हुए। प्रसून शर्मा ने 14 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
46 पत्रकारों ने किया मतदान
प्रेस क्लब चुनाव में कुल 46 पत्रकारों ने मतदान किया। खास बात यह रही कि सभी 46 पत्रकारों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस तरह मतदान प्रतिशत 100 फीसदी रहा। चुनाव को लेकर पत्रकारों में उत्साह देखने को मिला।
चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का विशेष योगदान रहा। प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई।
पढे़ं: अदालतों में अब महिला के चरित्र पर टिप्पणी नहीं, यौन अपराधों में संवेदनशील भाषा अपनाए
पत्रकारों के सुख-दुःख में साथ खड़े रहने का भरोसा
नवनिर्वाचित अध्यक्ष के. संतोष ने जीत के बाद सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार साथियों ने उन पर विश्वास जताते हुए अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वे इस जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिले के पत्रकारों के हितों और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी। पत्रकारों के हर सुख-दुःख में वे उनके साथ खड़े रहेंगे। साथ ही सभी पत्रकार साथियों के सहयोग से प्रेस क्लब को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का प्रयास किया जाएगा।