फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मशरूम चुनने जंगल गए ग्रामीणों की नजर पड़ी आईईडी पर: सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, सुरक्षा बलों ने किया निष्क्रिय

Sat, 05 Sep 2026 01:58 PM IST
बीजापुर ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, बीजापुर

सार

बीजापुर जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता और सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया। जंगल में पुटू (मशरूम) एकत्र करने गए ग्रामीणों को जमीन पर बिछा एक संदिग्ध वायर दिखाई दिया।
विज्ञापन
प्रेशर आईईडी की फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बीजापुर जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता और सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया। जंगल में पुटू (मशरूम) एकत्र करने गए ग्रामीणों को जमीन पर बिछा एक संदिग्ध वायर दिखाई दिया। आशंका होने पर उन्होंने बिना उसे छुए तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर पुराने प्रेशर आईईडी को सुरक्षित तरीके से निष्प्रभावी कर दिया।
विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक ग्राम बंदेपारा और पेगड़ापल्ली के कुछ ग्रामीण स्थानीय जंगल में पुटू एकत्र करने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर जमीन पर पड़े एक संदिग्ध वायर पर पड़ी। ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए न तो वायर को छुआ और न ही उसके आसपास जाने का प्रयास किया। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही मद्देड़ थाना पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने के बाद जवानों ने आसपास के क्षेत्र का सावधानीपूर्वक निरीक्षण किया। इसके बाद बीडीएस टीम की सहायता से जमीन में लगाए गए पुराने प्रेशर बियर बॉटल आईईडी को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत उसे मौके पर ही निष्प्रभावी कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, यह आईईडी पूर्व में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से माओवादियों द्वारा लगाया गया था। समय रहते ग्रामीणों की नजर संदिग्ध वायर पर पड़ने और पुलिस को सूचना दिए जाने से संभावित नुकसान को टालने में सफलता मिली।
विज्ञापन


आईईडी निष्प्रभावी करने की कार्रवाई में मद्देड़ थाना से सहायक उपनिरीक्षक सुरेश जब्बा, सीआरपीएफ 22वीं वाहिनी की ए कंपनी संगमपल्ली से सहायक कमांडेंट मनोज कुमार समेत बीडीएस टीम के जवान शामिल रहे। पुलिस ने ग्रामीणों की सूझबूझ और सतर्कता की सराहना की है। साथ ही जंगल, खेत, पगडंडी या सड़क किनारे किसी भी प्रकार का संदिग्ध तार, गड्ढा, टिफिन, कंटेनर या अज्ञात वस्तु दिखाई देने पर उसे बिल्कुल नहीं छूने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि ऐसी वस्तु दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखें और तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा कैंप को इसकी सूचना दें। समय पर दी गई सूचना किसी बड़े हादसे को रोकने में अहम साबित हो सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें