छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रतिपक्ष नेता चरणदास महंत व पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के एक दिवसीय बीजापुर प्रवास के दौरान जिले के नेलसनार गांव में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उपनेता प्रतिपक्ष व बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल भी उनके साथ मौजूद रहे। विधायक विक्रम मंडावी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नेताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत और जोरदार नारों के बीच नेताओं का आत्मीय अभिनंदन किया।
स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिपक्ष नेता चरणदास महंत एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक रणनीति को लेकर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आम जनता के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ जनता के बीच कार्य कर रहे हैं तथा क्षेत्र के विकास और लोगों के हितों के लिए निरंतर संघर्षरत हैं। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के आगमन को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके मार्गदर्शन से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की बात कही। कार्यक्रम के समापन पर नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया। पूरे आयोजन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।