पत्रकार मुकेश चंद्राकर 01 जनवरी की रात से अपने घर से लापता हैं। इस संदर्भ में उनके बड़े भाई युकेश चंद्राकर ने बीजापुर कोतवाली में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस घटना ने जिले में सनसनी फैला दी है। पुलिस प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। बीजापुर पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष टीम गठित की है। इस टीम का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक युगलैंडन यार्क कर रहे हैं। थाना प्रभारी कोतवाली दुर्गेश शर्मा समेत अन्य अधिकारियों को भी इस जांच में शामिल किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुकेश चंद्राकर का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस टीम ने 01 जनवरी की रात से पहले मुकेश चंद्राकर के संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। उनके अचानक लापता होने के कारणों को समझने और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को एकत्रित करने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है।मुकेश चंद्राकर के अचानक गायब होने से उनका परिवार और मीडिया जगत के साथी काफी चिंतित हैं। परिवार ने प्रशासन से उनकी सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है।
जांच में जुटी टीमों के संपर्क
जांच दल के प्रभारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक युगलैंडन यार्क से (मो. 9617346646) और थाना प्रभारी कोतवाली दुर्गेश शर्मा से (मो. 8319784531) संपर्क कर कोई भी संबंधित जानकारी साझा की जा सकती है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि अगर किसी को इस मामले में कोई भी सुराग मिले तो वे तुरंत सूचना दें।
हरसंभव प्रयास जारी
बीजापुर पुलिस का कहना है कि पत्रकार मुकेश चंद्राकर को जल्द से जल्द खोजने के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। यह मामला पत्रकारिता जगत के लिए चिंताजनक है, और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता से काम कर रहा है। समाचार लिखे जाने तक मुकेश चंद्राकर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।