प्रेस क्लब निर्वाचन पदाधिकारियों की फ़ोटो
बीजापुर जिला पत्रकार संघ सह प्रेस क्लब बीजापुर के चुनाव को लेकर तस्वीर अब साफ हो गई है। नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। रविवार को उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए गए। अध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है, जबकि सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए भी उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी कायम रखी है।
निर्वाचन अधिकारियों अशोक मिश्रा और अयूब खान के मुताबिक इस चुनाव में कुल 12 नामांकन दाखिल हुए थे। नाम वापसी के दौरान बी. गौतम राव ने अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष—तीनों पदों से अपनी दावेदारी वापस ले ली। इसके बाद अध्यक्ष पद पर कमलेश पैंकरा, के. संतोष कुमार, गणेश मिश्रा और ईश्वर सोनी मैदान में रह गए हैं।
चुनाव चिन्ह आवंटन में कमलेश पैंकरा को प्रिंटर, गणेश मिश्रा को माइक, ईश्वर सोनी को बल्ब और के. संतोष कुमार को कलम चुनाव चिन्ह मिला है। सचिव पद के लिए आशीष पदमवार को प्रेस पास, बसंत मामडीकर को खुली किताब और इरशाद खान को वीडियो कैमरा चुनाव चिन्ह दिया गया है। कोषाध्यक्ष पद पर सिरोज विश्वकर्मा मशाल और प्रशुन शर्मा अखबार चुनाव चिन्ह के साथ चुनाव लड़ेंगे।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान दावा-आपत्ति के बाद संगठन विरोधी गतिविधियों के आरोप में 19 सदस्यों को निष्कासित किया गया था। इसके बाद 13 अगस्त को 46 सदस्यों की संशोधित मतदाता सूची जारी की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 31 अगस्त को मतदान होगा। इसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग लिया जाएगा।
मतदान केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। निर्वाचन अधिकारियों ने सभी मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। चुनावी प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही प्रत्याशियों ने भी अपने पक्ष में समर्थन जुटाने की कवायद तेज कर दी है।