राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेसियों ने कहा कि सरकार ने यह घोषणा की है कि 72 घंटे में किसानों के खाते में पैसा आयेगा, लेकिन जो लोग धान बेच चुके हैं, उनके खाते में रकम हफ्तों तक नहीं आई है, जो रकम आ रही है वह एकमुश्त 3100 नहीं है। सिर्फ 2300 रुपये प्रति क्विंटल ही आ रही है, मतलब जो समर्थन मूल्य है उतना। भाजपा ने 3100 रुपये एकमुश्त देने का वादा किया था। भारतीय जनता पार्टी अपने चुनावी वादे के अनुरूप हर पंचायतों में धान खरीदी केन्द्र खोले। कांग्रेसियों ने राज्यपाल के नाम सौंपे अपने ज्ञापन में बारदाने की कमी से किसानों को धान बेचने में हो रही परेशानी, 50 प्रतिशत नए, 50 प्रतिशत पुराने बारदानों का उपयोग करने और 50 प्रतिशत पुराने बारदाने समितियों में पहुंचाने की मांग की गई है, जिसके कारण धान खरीद बाधित हो रही है। ज्ञापन में कहा गया है कि पुराने बारदाने फटे हुये है जिसमें धान भरा ही नहीं जा रहा और किसानों से कहा जा रहा 50 प्रतिशत बारदानों की व्यवस्था स्वयं करें बाद में उसका भुगतान किसानों को किया जाएगा, लेकिन किसानों के बारदाने का एक पैसा भी नहीं मिल रहा।
टोकन की व्यवस्था अव्यवहारिक है, जिससे किसानों को परेशान होना पड़ रहा, नंबर ही नहीं आ रहा। टोकन कटने की तारीख से 7 से 10 दिन बाद धान बेचने के लिये किसानों को बुलाया जा रहा है। 15 दिन बाद तक का भी टोकन नहीं मिल रहा। इलेक्ट्रॉनिक तराजू में जो तौलाई हो रही है उसमें 1.5 किलोग्राम से 2.5 किलोग्राम अधिक तौला जा रहा है। सोसायटियों में धान की उठान नहीं होने के कारण जगह की कमी है। जगह का अभाव हो गया है। राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेसियों ने कहा है कि अनावरी रिपोर्ट कम बनाई गयी है तथा खरीदी भी 21 क्विटल के हिसाब से नहीं हो रही है। किसानों से पूरा धान नहीं खरीदा जा रहा है। अनावरी रिपोर्ट गलत बनाई जा रही जिसके आधार पर मात्र 9 से 12-14 क्विंटल धान खरीदा जा रहा। किसानों से पूरा 21 क्विंटल धान नहीं खरीदा जा रहा है। बड़े किसान अपनी बारी का इंतजार कर रहे उनकी बारी ही नहीं आ रही है। कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में कहा है कि धान की कीमत का भुगतान 3217 रुपये में करें क्योंकि 3100 रुपये भाजपा ने अपने चुनावी वादे में देने का वादा किया था। इस वर्ष केन्द्र सरकार ने धान का समर्थन मूल्य 117 रुपये बढ़ा दिया है। इस कारण इस वर्ष धान की खरीदी 3100 रुपये से बढ़ाकर 3217 रुपये किया जाए।