कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गत वर्ष सात सितंबर को कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी। जिसके एक साल पूरा होने पर गुरुवार को जिला मुख्यालय बीजापुर में जिला कांग्रेस ने विशाल रैली निकालकर राहुल गांधी के नफरत छोड़ो भारत जोड़ो का संदेश दिया। रैली की शुरुआत बीजापुर के लौहडोंगरी पार्क से शुरू की गई, जो जेलबाडा मिलन चौक, डारापारा से कलेक्ट्रेट चौक होते हुए सीधे नये बस स्टैंड तक यात्रा निकाली गई।
भारत जोड़ो पदयात्रा नये बस स्टैंड पहुंचने के बाद सभा में तब्दील हो गई। सभा को कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि जब से देश में भाजपा की सरकार बनी है तब से देश में भाजपा और मोदी सरकार एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ा रही है, एक जाति को दूसरे जाति से लड़ा रही है। भाजपा और मोदी सरकार देश के असल मुद्दे बढ़ती बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई, बढ़ती गरीबी, किसानों की समस्याएं, गलत जीएसटी, बढ़ती आर्थिक असमानता और लगातार देश में हो रहे निजीकरण के विषय में बात तक करना नहीं चाहती है।
मोदी सरकार और भाजपा केवल उद्योगपतियों के लाभ के लिए ही काम कर रही है। इन सारी परिस्थितियों के देखते हुए राहुल गांधी ने देश में भरता जोड़ो पद यात्रा निकाली थी, जो कन्याकुमारी से होकर कश्मीर तक गई। यात्रा में देश के युवा, बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और देश के सभी वर्ग के लोगों ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को समर्थन दिया था।
राहुल गांधी के नफरत छोड़ो भारत जोड़ो के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज देश के हर गांव में भाजपा की नफरत के खिलाफ मोहब्बत की दुकान खुल रही है। भारत जोड़ो यात्रा का एक साल पूरा होने पर बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से राहुल गांधी ने देश में नफरत के खिलाफ मोहब्बत का संदेश दिया।
जिसका गहरा असर देश में हुआ है। आज देश की जनता ने हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक से भाजपा की सरकार को बहार का रास्ता दिखा दिया है। मोदी सरकार और भाजपा मजबूरी में घरेलू गैस की कीमत कम कर रही है। भाजपा और मोदी सरकार की कथनी और करनी को जनता समझ रही है। आने वाले दिनों में जनता भाजपा को सबक सिखाने को तैयार है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, जिलाध्यक्ष लालू राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।