छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर बीजापुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को जिला मुख्यालय बीजापुर में कांग्रेस ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारे और स्लोगन लिखी तख्तियां हाथों में लेकर जिला मुख्यालय में विरोध-प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने राजनीतिक लाभ के लिए भगवान श्रीराम के नाम पर देश के करोड़ों लोगों से वोट मांगे। अब करोड़ों हिंदुओं की आस्था और विश्वास को ठेस पहुंचाते हुए श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यही भाजपा और आरएसएस की कथनी और करनी का अंतर है।
राठौर ने आगे कहा कि राम मंदिर निर्माण के नाम पर जनता से भावनात्मक अपील कर वोट लेने वाली भाजपा अब मंदिर की पवित्र निधि में कथित अनियमितताओं के जरिए हिंदू समाज की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय हिंदू समाज के कई लोग शामिल रहे।