बीजापुर नेशनल पार्क मुठभेड़ में अब तक सात नक्सली मारे गए हैं। तीन दिनों (5, 6 और 7 जून) के अंदर सात नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया है। मारे गए सातों नक्सलियों के शव बरामद कर लिये गए हैं।
पांच जून को केंद्रीय कमेटी मेंबर सुधाकर उर्फ गौतम मारा गया। उसके बाद छह जून को तेलंगाना स्टेट कमिटी मेंबर भास्कर को ढेर किया गया। 6 जून की शाम को हुई मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए। 7 जून शनिवार को जारी मुठभेड़ में दो और नक्सली मारे गए, कुल सात नक्सलियों को जवानों ने मौत की नींद सुला दी है। सभी सातों नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। दो नक्सलियों की पहचान हो गई है। पांच नक्सलियों की शिनाख्त बाकी है।
इससे पहले छत्तीसगढ़ में बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के नेशनल पार्क इलाके में फोर्स और नक्सलियों के बीच गुरुवार को हुई मुठभेड़ में करीब एक करोड़ रुपये के इनामी खूंखार नक्सली नरसिम्हाचलम उर्फ गौतम उर्फ सुधारक को जवानों ने ढेर कर दिया था। सुधाकर नक्सलियों के सेंट्रल कमेटी (सीसीएम) का मेंबर था। उस पर अलग-अलग राज्यों में कुल मिलाकर करीब एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। कई राज्यों की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।