बीजापुर जिले में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। एक जून से अब तक जिले में औसतन 271.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अवधि में जिले की सभी तहसीलों में अच्छी बारिश हुई है, जिससे किसानों के साथ-साथ आमजन को भी राहत मिली है।
आंकड़ों के अनुसार भैरमगढ़ तहसील में सर्वाधिक 378.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इसके बाद कुटरू में 375.0 मिमी, बीजापुर में 318.0 मिमी, भोपालपटनम में 232.7 मिमी, गंगालूर में 223.0 मिमी तथा उसूर में 99.9 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। बताया गया है कि मानसूनी गतिविधियां लगातार जारी हैं और आगामी दिनों में भी वर्षा का सिलसिला बने रहने की संभावना है।
लगातार हो रही बारिश से खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिली है, वहीं जलाशयों एवं प्राकृतिक जलस्रोतों में भी जलस्तर बढ़ने लगा है। जिला प्रशासन द्वारा वर्षा की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।