नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग जंगल क्षेत्रों में चलाए गए सर्चिंग ऑपरेशन में माओवादी डंप से BGL के कलपुर्जे, ग्रेनेड, तीर बम, डेटोनेटर और नॉन-इलेक्ट्रिक वायर समेत कई संदिग्ध सामग्री बरामद की गई।
बीजापुर जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत बीजापुर पुलिस और सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है। विगत सप्ताह अलग-अलग इलाकों में चलाए गए सर्चिंग अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादी डंप का पता लगाकर BGL (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) के कलपुर्जे, ग्रेनेड, तीर बम, डेटोनेटर और नॉन-इलेक्ट्रिक वायर समेत अन्य सामग्री बरामद की है। बरामद विस्फोटक सामग्री में से संवेदनशील सामग्री को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए BDS टीम ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट किया।
विज्ञापन
एफओबी ताड़पाल क्षेत्र में CRPF की 196वीं बटालियन ने ताड़पाल पहाड़ी इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। सर्चिंग के दौरान पत्थरों और जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद हुई। सुरक्षा बलों ने यहां से 105 नग BGL राउंड कंपोनेंट्स, एक BGL नोज, दो लोहे के पाइप, एक एल्युमिनियम पतीला और लेथ मशीन का हैंडल बरामद किया।
इंडरीपाल जंगल में मिले ग्रेनेड और तीर बम
पांच सितंबर को DRG और थाना मिरतुर की संयुक्त टीम ने इंडरीपाल जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम को माओवादी डंप मिला, जहां से दो ग्रेनेड और पांच तीर बम बरामद किए गए। बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत BDS टीम द्वारा मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया।
विज्ञापन
डुमरीपलनर जंगल से डेटोनेटर और वायर बरामद
इसके अगले दिन 6 सितंबर को DRG एवं थाना मिरतुर पुलिस की संयुक्त टीम ने डुमरीपलनर जंगल में तलाशी अभियान चलाया। सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने सात बंडल नॉन-इलेक्ट्रिक वायर और छह डेटोनेटर बरामद किए।
जंगलों में लगातार जारी है सर्चिंग अभियान
सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से माओवादी संगठनों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और अन्य युद्धक सामान बरामद किए जा रहे हैं। बीजापुर पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा संवेदनशील इलाकों में सर्चिंग और नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है।