उप चुनाव में मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में मंगलवार को पंचायत और निकाय क्षेत्र में उपचुनाव होना है। इसके लिए सोमवार को मतदान दल रवाना हो गए। उपचुनाव में एक-एक जनपद सदस्य, पंच और पार्षद पद के लिए वोटिंग होना है। इसमें जिले के बेरला ब्लॉक के जनपद सदस्य निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-20 के ग्राम पंचायत सांकरा, घटियाकला, मुड़पार, चंडी के कुल 10 मतदान केंद्र, साजा के ग्राम पंचायत बरगा के वार्ड -07 में पंच पद के लिए एक मतदान केंद्र बनाया गया है। मतदान सुबह 7 से शुरू हो गया है जो दोपहर 3 बजे तक होगा। इसी दिन मतगणना होगी। जनपद सदस्य पद के लिए तीन व पंच पद के लिए दो अभ्यर्थी मैदान में हैं।
बेमेतरा के वार्ड 6 में होना है चुनाव
इसी प्रकार नगर पालिका बेमेतरा के वार्ड क्रमांक 06 के 02 मतदान केंद्र में पार्षद पद के लिए मंगलवार सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इस वार्ड में कुल 1385 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनावी मैदान में तीन अभ्यर्थी और नोटा का विकल्प भी शामिल है। शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक सुरक्षा बल की ड्यूटी लगाई गई है। मतपेटी रखने के लिए जिला कार्यालय के एक कक्ष में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। मतगणना का कार्य जिला कार्यालय बेमेतरा के सभाकक्ष में 30 जून सुबह 9 बजे से होगा। मतगणना बाद परिणाम की घोषणा रिटर्निंग अधिकारी द्वारा की जाएगी।
ग्राम पंचायत भैसा में सरपंच निर्विरोध चुने गए
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन अंतर्गत एक जनपद सदस्य, पांच सरपंच और 12 पंच के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया की गई। इसमें जनपद पंचायत बेमेतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत भैसा में सरपंच निर्विरोध चुने गए हैं। इसी प्रकार जनपद पंचायत बेरला में ग्राम पंचायत आंनदगांव व हरदी के रिक्त 01-01 वार्ड में और जनपद पंचायत साजा के ग्राम पंचायत टेढ़ी, रमपुरा, जानो, खपरी के 01-01 रिक्त वार्ड में पंच निविर्रोध चुने गए। जबकि नामांकन प्राप्त नहीं होने के कारण जिले में सरपंच के चार व पंच के पांच पद रिक्त हैं। वहीं जिन जगहों में चुनाव होंगे, वहा मतदान केन्द्र में मत डालने पहचान स्थापित करने के लिए 18 प्रकार के दस्तावेज निर्धारित किए गए है।