सुनवाई के दौरान पहुंची लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
बेमेतरा जिले के तहसील भिंभौरी क्षेत्र के ग्राम कोहड़िया में गुरुवार को मेसर्स ब्रजेश स्टील्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित उद्योग के पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए लोक सुनवाई हुई। यहां पर लगने वाले प्लांट का विरोध क्षेत्र की दर्जनभर ग्राम पंचायत कर रही हैं। यही कारण है कि गुरुवार को यहां पर प्लांट का जमकर विरोध किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में ग्रामीण पहुंचे हुए थे।
ग्रामीणों की भीड़ को देखते हुए यहां पर पुलिस बल भी तैनात किया गया था। ग्रामीणों ने बताया कि यह कृषि प्रधान क्षेत्र है। यहां अधिकांश लोग कृषि कार्य करते हैं। इससे ही आर्थिक स्थिति ठीक है, लेकिन प्लांट खुल जाने से यहां प्रदूषण फैलेगा। इससे कृषि कार्य प्रभावित होगा। करीब 500 से अधिक ग्रामीणों ने सुनवाई के दौरान इस प्लांट का विरोध दर्ज कराया है। सुनवाई के दौरान कई बार विवाद की स्थिति भी बनी। एसडीएम समेत अन्य अफसरों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया है। देर शाम को ग्रामीणों ने अधिकारियों की गाड़ी को भी घेर लिया था।