बेमेतरा जिले के ग्राम जेवरा में बुधवार की देर शाम हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब आबकारी विभाग की स्कॉर्पियो वाहन शराब लेकर सरकारी दुकान की ओर जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो जैसे ही ग्राम जेवरा पहुंची, सामने से आ रहे पेट्रोल कंटेनर से स्कॉर्पियो आमने-सामने टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का चालक गाड़ी में फंस गया। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे में स्कॉर्पियो में सवार आबकारी विभाग का एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद सड़क पर शराब फैल जाने से अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।