बेमेतरा आज शनिवार को स्थानीय नवागढ़ विधायक व खाद्य मंत्री दयालदास बघेल अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बदनारा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने नव प्रवेशी विद्यार्थियों को शिक्षा की नई यात्रा के लिए शुभकामनाएं देकर निशुल्क पुस्तक, ड्रेस का वितरण किया। स्कूल में निर्मित एक अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण भी किया।
मंत्री श्री बघेल ने कहा कि शिक्षा समाज की रीढ़ होती है। विद्यालय एक ऐसा मंदिर है,जहां से बच्चों का संपूर्ण विकास प्रारंभ होता है। राज्य सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने प्रयासरत है। शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह बच्चों के सोचने-समझने व व्यवहार में बदलाव लाने वाली होनी चाहिए।
उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित करें। हमारा प्रयास होना चाहिए कि गांव का हर बच्चा स्कूल आए, शिक्षा पाए और आत्मनिर्भर बने। पालकों से अपील करते हुए कहा कि वे बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय रुचि लें। आप अपने बच्चों से रोज पूछें कि आज स्कूल में क्या सीखा? इससे बच्चे न केवल उत्साहित होंगे, बल्कि शिक्षक भी बेहतर शिक्षण के लिए प्रेरित होंगे। शाला प्रवेश उत्सव केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शिक्षा के महत्व को समाज तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है।