बेमेतरा शहर के सिंघौरी वार्ड नंबर-12 में सूने मकान को निशाना बनाते हुए दो अज्ञात बदमाशों ने करीब 5.60 लाख रुपये की चोरी कर ली। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दोनों आरोपी मुख्य गेट फांदकर घर में घुसते और महज 11 मिनट में चोरी कर फरार होते दिखाई दे रहे हैं। घटना के समय पूरा परिवार निजी काम से भिलाई गया हुआ था।
पुलिस के अनुसार, सिंघौरी निवासी पवन शाह (36) ने सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 21 और 22 जुलाई की दरमियानी रात करीब 2:42 बजे से 2:53 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके घर के हॉल का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने आलमारी में रखे करीब 4.60 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 1 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 5.60 लाख रुपये बताई गई है।
पढ़ें: नाबालिग छात्रा को बंधक बनाया, घर में किया दुष्कर्म; पीड़िता ने बताया काला सच
घटना की जानकारी मिलते ही गुरुवार को पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल स्वयं मौके पर पहुंचे। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, एसडीओपी भूषण एक्का, सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा आरोपियों के आने-जाने के संभावित रास्तों का भी जायजा लिया।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(क), 331(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ पारंपरिक मुखबिर तंत्र की भी मदद ली जा रही है। चोरी गए जेवर और नकदी की बरामदगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों की गतिविधियों और अन्य सुरागों की गहन जांच की जा रही है। एसपी त्रिलोक बंसल ने टीम को जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाकर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।