बेमेतरा जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेमेतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 10 किलो 539 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, बाइक व मोबाइल सहित करीब दो लाख आठ हजार रुपये का सामान जब्त किया है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नंबर की मोटरसाइकिल में दो युवक सिमगा से बेमेतरा की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बेरला तिराहा, कोबिया के पास घेराबंदी की। वेल्डिंग शॉप के सामने पुलिस ने संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली, जिसमें बैग के अंदर पांच पैकेट में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश पटेल (24 वर्ष) और भोला ठाकुर उर्फ छोटे भाई ठाकुर (25 वर्ष), निवासी भडपुरा, थाना भेड़ाघाट, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 किलो 539 ग्राम गांजा, घटना में प्रयुक्त पुरानी मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।