बेमेतरा जिले में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन के खेल पर आखिरकार प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई शुक्रवार देर शाम तक चली है। खनिज विभाग की टीम ने ग्राम टिपनी (थानखमरिया) में छापा मारकर मिट्टी-मुरूम के अवैध उत्खनन और परिवहन का खुलासा किया। कार्रवाई में जेसीबी समेत सात वाहनों को जब्त किया गया, जो बिना अनुमति खनिज ढुलाई में लगे थे।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम टिपनी क्षेत्र में काफी समय से अवैध उत्खनन चल रहा था। स्थानीय स्तर पर शिकायतें मिल रही थीं कि रात के समय हाईवा से लगातार खनिज ढुलाई हो रही थी, बिना ट्रांजिट पास के खुलेआम परिवहन किया जा रहा था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग की टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां भारी मशीनरी से खुदाई जारी थी। जांच में सामने आया कि जेसीबी मशीन से मिट्टी-मुरूम निकाला जा रहा था, कई हाईवा में खनिज लोड कर परिवहन किया जा रहा था। मौके और आसपास से कुल सात वाहन जब्त किए गए, जिनमें रेत, गिट्टी और मुरूम भरे हाईवा शामिल हैं।
पूरी कार्रवाई को लेकर विभाग ने सतर्कता बरती। पंचगणों और ग्रामीणों की मौजूदगी में जांच हुई। मौके पर ही पंचनामा तैयार किया गया। साक्ष्य जुटाकर विस्तृत रिपोर्ट बनाई गई। इससे कार्रवाई को पूरी तरह पारदर्शी रखने की कोशिश की गई। जब्त वाहनों को थाना थानखमरिया और बेमेतरा में खड़ा कराया गया है। वाहन मालिकों और ऑपरेटरों की भूमिका की जांच चल रही है। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी कार्रवाई पहुंच सकती है।